Ranchi: झारखंड स्टेट बार काउंसिल (JSBC) चुनाव 2026-2031 की मतगणना के दौरान धनबाद में गड़बड़ी के आरोपों ने विवाद को तूल दे दिया है। चुनाव में प्रत्याशी रहे अधिवक्ता गजेंद्र कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए हैं।
अपने शिकायत पत्र में उन्होंने दावा किया कि धनबाद बार एसोसिएशन में कुल 1931 वोट डाले गए थे, जिसकी पुष्टि रजिस्टर मिलान और प्रत्याशियों के हस्ताक्षरों से की गई थी। लेकिन जब परिणाम सामने आए तो 71 मतों को अवैध बताते हुए 1918 वोटों की गिनती दिखाई गई। इस तरह कुल आंकड़ा 1989 तक पहुंच गया, जो वास्तविक मतदान से 58 अधिक है। इसे लेकर उन्होंने पूछा कि अतिरिक्त वोट आखिर आए कहां से?
इससे पहले भी एक अन्य प्रत्याशी ने मतदान और मतपत्रों के आंकड़ों में अंतर को लेकर आपत्ति जताई थी, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।
गजेंद्र कुमार ने बोगस वोटिंग का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक मतदाता का वोट किसी अन्य व्यक्ति द्वारा डाले जाने की शिकायत सामने आई थी, जिस पर काफी हंगामा भी हुआ था। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि मतदान के बाद 10 दिनों तक स्ट्रॉन्ग रूम में रखी मतपेटियों के साथ छेड़छाड़ हो सकती है।
प्रत्याशी ने मांग की है कि रजिस्टर, दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज और अतिरिक्त वोटों की विस्तृत जांच कराई जाए और धनबाद में निष्पक्ष पुनर्मतदान कराया जाए। इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।