Ranchi: राजधानी रांची के हरमू स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा के कैंप कार्यालय में पार्टी के महासचिव सह वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनाव को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदु रखे।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि चुनाव आयोग द्वारा निष्पक्षता के साथ मतदान संपन्न कराया जाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जो रुझान सामने आ रहे हैं, उनसे प्रतीत होता है कि इस बार मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव की तुलना में अधिक रहेगा और संभवतः 50 प्रतिशत के आंकड़े को छू सकता है।
हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ त्रुटियां भी सामने आईं, जैसे कुछ मतदाताओं के मतदान केंद्र में बदलाव। लेकिन जिला प्रशासन की तत्परता के कारण स्थिति को संभाल लिया गया और मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनाव से भारतीय जनता पार्टी आंतरिक रूप से विचलित है। उन्होंने कहा कि चूंकि निकाय चुनाव ईवीएम से नहीं कराया गया, इसलिए भाजपा अनावश्यक बयानबाजी कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि मतगणना भी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में आपसी मतभेद देखने को मिले, लेकिन यह स्थानीय स्तर की छोटी घटनाएं हैं, जो मतदान के बाद आपसी सौहार्द के साथ समाप्त हो जाएंगी।