रामनवमी जुलूस में बवाल: हजारीबाग में भुजाली से हत्या, चाकूबाजी में युवक गंभीर

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

हजारीबाग में रामनवमी के जश्न के बीच हिंसा की घटनाओं ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। अलग-अलग इलाकों में जुलूस के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

कटकमसांडी प्रखंड के गदोखर गांव में शुक्रवार रात रामनवमी जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी अचानक खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान गदोखर पंचायत के मुखिया के भाई राम कुमार साव उर्फ रामा साव (40 वर्ष) पर भुजाली से जानलेवा हमला किया गया। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

इधर, हजारीबाग शहर के दीपूगढ़ा समेत अन्य इलाकों में भी जुलूस के दौरान झड़प की घटनाएं सामने आईं। इसी दौरान एक युवक के सीने में चाकू मार दिया गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे रिम्स रांची रेफर किया गया है।

घटनाओं की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। कटकमसांडी क्षेत्र में अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने साफ कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *