चतरा: चतरा जिले में पुलिस ने संभावित आपराधिक वारदात की आशंका के बीच बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और गोलियां बरामद की हैं। वहीं, उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए कारतूस और खोखे भी जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर बनाई गई छापेमारी टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर साई नाथ लाइन होटल के पास एक व्यक्ति हथियार लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है। आशंका जताई गई थी कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगा आरोपी
छापेमारी दल जब साई नाथ लाइन होटल के पास पहुंचा, तो वहां मौजूद एक व्यक्ति मैदान से जंगल की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और 10 गोलियां मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जंगल में तलाशी ली, जहां से 50 अतिरिक्त जिंदा गोलियां और दो खोखे बरामद किए गए।
लातेहार जिले का रहने वाला है गिरफ्तार व्यक्ति
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय मुकेश गंझू के रूप में हुई है। वह लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत भगिया बरवा टोली का निवासी बताया गया है। पुलिस ने मामले में सदर थाना कांड संख्या 421/2026, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में ये पुलिस अधिकारी थे शामिल
कार्रवाई में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार और सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
बरामद सामान: एक देशी कट्टा, 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां और दो खोखे।