रांची: के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन के बीच सरकार से वार्ता को लेकर छात्रों ने बड़ा फैसला लिया है। शुक्रवार को आंदोलनकारी छात्रों ने सरकार के साथ बातचीत के लिए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की अंतिम सूची जारी कर दी। नई सूची में केवल छात्रों को शामिल किया गया है। इससे पहले गुरुवार को जारी प्रतिनिधिमंडल की सूची में दो पत्रकारों के साथ हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार का नाम भी शामिल था। हालांकि, शुक्रवार को छात्रों ने संशोधित सूची जारी करते हुए बाहरी लोगों के नाम हटा दिए।छात्रों की ओर से सरकार के सामने अपनी मांगें और JPSC-JSSC परीक्षा से जुड़े मुद्दे रखने के लिए रवीन्द्र पासवान, पीयूष कुमार, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी, रवींद्र कुमार रवि, आनंद कुमार और अंकित कुमार को प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया गया है।अब सरकार और छात्रों के बीच होने वाली वार्ता में यही 10 सदस्य आंदोलनकारियों की मांगों को सामने रखेंगे।