रांची/रामगढ़: रामगढ़ जिले के चुटुपालू घाटी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर कई वाहनों पर चढ़ गया, जिससे घाटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर ने लगभग दो किलोमीटर तक बेकाबू रफ्तार में चार कारों, तीन दोपहिया वाहनों और एक यात्री बस को टक्कर मार दी। हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर अचानक नियंत्रण खो बैठा और सामने चल रहे वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता गया। यात्री बस में सवार लोगों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल इस हादसे में किसी के मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रेलर के अनियंत्रित होने की वजह क्या थी।