Ranchi: झारखंड राज्य सूचना आयोग को चार नए राज्य सूचना आयुक्त मिल गए हैं। बुधवार को रांची स्थित लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक को राज्य सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने सभी नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
समारोह की शुरुआत राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार द्वारा नियुक्ति वारंट के वाचन से हुई। इसके बाद राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने सभी नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और बैद्यनाथ राम सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।