चतरा: सदर थाना क्षेत्र के हेरुआ नदी से एक लापता युवक का शव बरामद होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, युवक सोमवार सुबह हेरुआ डैम की ओर शौच के लिए घर से निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार अहले सुबह युवक के छोटे भाई कृष्ण ने हेरुआ नदी में उसका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि सोमवार को खराब मौसम के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। आशंका जताई जा रही है कि डैम के किनारे युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। फिलहाल परिजनों ने किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक घटना की आशंका से इनकार किया है।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों से प्राप्त लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।