हजारीबाग: बड़ा बाजार थाना क्षेत्र में साधु के वेश में घर पहुंचकर ठगी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी कर ले जाए गए सोने के जेवर समेत अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रूपक कुमार सिंह ने बताया कि 8 जून 2026 की सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुरहुरु निवासी गुड़िया देवी के पति ने पुलिस को सूचना दी थी कि साधु बने तीन व्यक्ति उनके घर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने परिवार को अपने झांसे में लिया और सोने के आभूषण, जिसमें जीतिया भी शामिल था, लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बड़ा बाजार थाना प्रभारी मुकेश कुमार रजक, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर कुमार तथा सशस्त्र बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी साधु का भेष धारण कर वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से इलाके से निकल गए थे।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित मार्गों पर छापेमारी और सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान क्षितिज अस्पताल के समीप एक टोटो में सवार तीन संदिग्ध साधुओं को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से गुड़िया देवी से ठगे गए सोने के जेवर और अन्य लॉकेट बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतास निवासी मल्टी लाल लाटोर, अखिलेश लाटोर और तितई लाटोर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।