Ranchi: झारखंड पुलिस महकमे में आईपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग और प्रतिनियुक्ति को लेकर हलचल तेज है। कई वरिष्ठ अधिकारी नई तैनाती का इंतजार कर रहे हैं, जबकि कई अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा चुके हैं और कुछ जल्द ही केंद्र में सेवाएं देने की तैयारी में हैं।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश बंसल को राज्य में वापस आए एक माह से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब तक उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। वहीं बोकारो रेंज के डीआईजी पद से हटाए गए 2012 बैच के आईपीएस आनंद प्रकाश भी नई पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
इधर, झारखंड पुलिस में डीआईजी और आईजी स्तर के कई महत्वपूर्ण पद जल्द खाली होने वाले हैं। आईजी प्रशिक्षण विजयालक्ष्मी, डीआईजी कार्मिक सुरेंद्र कुमार झा और सीआईडी डीआईजी चंदन झा के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से ये पद रिक्त हो जाएंगे। ऐसे में पुलिस मुख्यालय जल्द नई पदस्थापनाओं पर निर्णय ले सकता है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य के कई आईपीएस अधिकारी आगामी महीनों में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की तैयारी में हैं। इनमें एसपी से लेकर एडीजी रैंक तक के अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ केंद्रीय पदों पर आईपीएस अधिकारियों की नियुक्ति के लिए नए नियम लागू किए हैं। नए प्रावधान के तहत आईजी स्तर जैसे वरिष्ठ पदों पर नियुक्ति के लिए अधिकारियों के पास एसपी या डीआईजी स्तर पर कम से कम दो वर्ष का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति अनुभव होना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से 2011 बैच और उसके बाद के आईपीएस अधिकारियों पर लागू होगी।
नए नियमों के बाद झारखंड सहित विभिन्न राज्यों के कई आईपीएस अधिकारियों में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को लेकर रुचि बढ़ी है, जिसका असर राज्य पुलिस की प्रशासनिक संरचना और पदस्थापनाओं पर भी दिखाई देने लगा है।