रांची के धुर्वा डैम में युवक ने दी जान: एक दिन पहले बचाया गया था, फिर लौटकर उठाया खौफनाक कदम

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: राजधानी रांची के धुर्वा डैम से सोमवार सुबह आत्महत्या का एक दर्दनाक मामला सामने आया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक युवक ने डैम में कूदकर अपनी जान दे दी। हैरानी की बात यह है कि इसी युवक को एक दिन पहले डूबने से बचा लिया गया था, लेकिन उसने दोबारा आकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली।

मृतक की पहचान सैयेम अंसारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पलामू जिले के पांकी का रहने वाला था। वह फिलहाल रांची के लेक रोड इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस उसके इस कदम के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, सैयेम रविवार दोपहर पहली बार धुर्वा डैम पहुंचा और गहरे पानी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद बोटिंग स्टाफ अजय उरांव और विकास तिर्की ने बहादुरी दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों ने उसे समझाने की भी कोशिश की, क्योंकि वह काफी परेशान नजर आ रहा था। काउंसलिंग के बाद उसे घर भेज दिया गया था।

लेकिन इसके बावजूद सैयेम का इरादा नहीं बदला। रविवार देर रात वह फिर से धुर्वा डैम पहुंचा और अंधेरे का फायदा उठाकर पानी में कूद गया। उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे उसे बचाया नहीं जा सका।

सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने जब पानी में एक शव तैरता देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *