सुखदेवनगर थाना पहुंचे एसएसपी, लंबित मामलों पर सख्ती

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: रांची में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से एसएसपी राकेश रंजन ने मंगलवार को सुखदेवनगर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के अलग-अलग विभागों का जायजा लेते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पुराने कांडों को प्राथमिकता के साथ जल्द निपटाया जाए।

निरीक्षण के दौरान मालखाना की स्थिति पर भी खास ध्यान दिया गया। एसएसपी ने जब्त सामानों का रजिस्टर से मिलान करने का निर्देश देते हुए पाया कि कई पुरानी और कंडम गाड़ियां परिसर में लंबे समय से खड़ी हैं। उन्होंने इन गाड़ियों की नीलामी या स्क्रैप की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने को कहा, ताकि जगह खाली हो और साक्ष्यों के रखरखाव में कोई परेशानी न हो।

शहर में बढ़ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर एसएसपी ने चिंता जताते हुए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने हालिया मामलों की समीक्षा कर हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान करने और सिविल ड्रेस में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने को कहा, ताकि अपराधियों में पुलिस का डर कायम रहे।

इसके अलावा, थाने के सभी महत्वपूर्ण रजिस्टरों को अपडेट रखने, दस्तावेजों के बेहतर रखरखाव और वारंटियों व फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिसकर्मियों को यह भी कहा गया कि वे थाने आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें।

एसएसपी ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, संतरी पोस्ट और हाजत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाकों और शाम के समय गश्ती बढ़ाने का आदेश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी, जबकि अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *