हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ इलाके में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना पर झारखंड हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया और प्रशासन से जवाब तलब किया है।
सोमवार को हुई सुनवाई में अधिवक्ता हेमंत शिकरवार द्वारा मामला उठाए जाने के बाद हाईकोर्ट ने राज्य के गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को नोटिस जारी कर विस्तृत जवाब मांगा।
अदालत ने घटना की क्रूरता पर गहरी नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार और पुलिस को जवाबदेह ठहराया। साथ ही पीड़िता के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें किसी प्रकार का दबाव या खतरा न हो।
सुनवाई के दौरान हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (SP) भी कोर्ट में मौजूद रहे और उन्होंने अब तक की जांच व कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की।
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद अब इस मामले में तेज और ठोस कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।