रांची: झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक गैस एजेंसी संचालक के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
घटना तोरपा के हिल चौक स्थित नगर भवन के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे एक बाइक पर सवार तीन अपराधी मौके पर पहुंचे और गैस एजेंसी संचालक नरेंद्र साव के घर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग सहम गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अपराधी कई राउंड फायरिंग कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों का मुख्य निशाना घर के बाहर खड़ी कार थी, जिस पर गोलियों के कई निशान मिले हैं।
मंगलवार सुबह जब परिजनों की नजर कार पर पड़ी, तब घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर थे, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही तोरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खाली खोखे बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और अपराधियों की तलाश में जुटी है।