बोकारो: जिले में अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बोकारो पुलिस को बड़ी मजबूती मिली है। पुलिस आधुनिकीकरण अभियान के तहत 39 नई अत्याधुनिक गाड़ियां पुलिस बेड़े में शामिल की गई हैं, जिससे गश्ती व्यवस्था और आपातकालीन कार्रवाई में तेजी आने की उम्मीद है।
झारखंड सरकार द्वारा पुलिस को संसाधन संपन्न बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बोकारो को मिली ये नई गाड़ियां अब पुलिस बल का हिस्सा बन चुकी हैं। बोकारो पुलिस लाइन में आयोजित एक समारोह में इन वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इन्हें एमटी सेक्शन में शामिल किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नई गाड़ियों के जुड़ने से पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे न केवल गश्ती और निगरानी मजबूत होगी, बल्कि किसी भी आपराधिक घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करना भी आसान हो जाएगा। उन्होंने माना कि संसाधनों की कमी से जूझ रही पुलिस के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इन गाड़ियों के शामिल होने के बाद शहर में ब्लैक मार्च निकालकर पुलिस ने अपनी बढ़ी ताकत का प्रदर्शन किया। इस दौरान आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया, वहीं अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि अब कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम समय के अनुरूप है और इससे न केवल अपराध पर नियंत्रण मजबूत होगा, बल्कि बेहतर पुलिसिंग की दिशा में भी नई राह खुलेगी।
नई ऊर्जा और संसाधनों के साथ बोकारो पुलिस अब हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने में जुटी है।