रांची: रांची के कांके रोड इलाके में सोमवार देर रात एक निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हो गया। राम मंदिर के पास बन रहे एक अपार्टमेंट में अचानक मिट्टी धंसने से दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बहुमंजिला इमारत के लिए गहरी खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान काम कर रहे मजदूरों के ऊपर अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। हादसा इतना तेज था कि दो मजदूर मौके पर ही दब गए और उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
मृतकों की पहचान सुनील कुमार महतो और उपेंद्र गिरी के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है, वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।