रांची: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने पूरे परिवार को जिंदा जलाकर मारने की साजिश रच दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि 10 मार्च की रात सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम इलाके में एक घर में आग लगाने की घटना हुई थी। इस घटना में घर के सभी लोगों को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू की गई।
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच करते हुए आरोपी युवक अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने आगजनी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित परिवार पहले से एक-दूसरे को जानते थे। आरोपी का आरोप है कि घर का मालिक उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। इसी बात से नाराज होकर उसने बदला लेने के इरादे से घर में आग लगाने की योजना बनाई और पूरे परिवार को खत्म करने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।