चाईबासा/रांची: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया।
सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह सुरक्षा बलों की टीम जंगल में अभियान चला रही थी। इसी दौरान पहले से जमीन में दबाकर रखा गया इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) अचानक फट गया। धमाके की चपेट में आने से अधिकारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मौके पर मौजूद जवानों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सली लगातार सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए जंगलों में विस्फोटक लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।
बताया जा रहा है कि बीते 15 दिनों में सारंडा इलाके में यह तीसरी बड़ी ब्लास्ट की घटना है। इससे पहले भी आईईडी धमाकों में एक ग्रामीण की मौत और दो जवानों के घायल होने की खबर सामने आई थी।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।