Ranchi: रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब माझिटोली पागला बाबा रोड के पास एक पेड़ से युवक और युवती का शव लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर अलग-अलग चर्चा है। कुछ लोगों का कहना है कि दोनों शव को कहीं और से लाकर पेड़ पर लटकाया गया है, जबकि कुछ इसे आत्महत्या का मामला मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों ही एंगल—हत्या और आत्महत्या—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
अब तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पहचान स्थापित करने की कोशिश में जुटी है। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।