रांची: राजधानी रांची के नामकुम थाना में बुधवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। 12 वर्षीय बच्चे के अपहरण और हत्या के आरोपी ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
मृतक की पहचान जगय मुंडा के रूप में हुई है, जो खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र के कोल्हापूर्ति गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसका उसी गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध था और वह कुछ समय से नामकुम थाना क्षेत्र में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, रविवार को महिला से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। इसके बाद गुस्से में आकर उसने महिला के 12 वर्षीय बेटे रमेश हजाम का अपहरण कर लिया। आरोपी बच्चे को रामगढ़ थाना क्षेत्र के घाटो इलाके में ले गया, जहां उसकी हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बच्चे के अपहरण और हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रामगढ़ के घाटो इलाके से बच्चे का शव भी बरामद किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नामकुम थाना लाया गया था। देर रात उसने हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने हाजत में आत्महत्या कैसे की।