संदिग्ध आग से उजड़ा घर: बुंडू में सात लाख का सामान राख, परिवार सड़क पर

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

बुंडू: रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली में रविवार देर रात एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। इस घटना में दुकानदार बुधन कुम्हार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। आग में दुकान में रखा करीब सात लाख रुपये का सामान और लगभग 55 हजार रुपये नगद जलकर राख हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे अचानक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। दुकान के ठीक पीछे ही बुधन कुम्हार अपने परिवार के साथ सो रहे थे। आग की लपटें और धुआं देखकर परिवार के लोग तुरंत बाहर निकले और किसी तरह अपनी जान बचाई। हालांकि तब तक आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और दमकल विभाग तथा बुंडू पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।

इस आगलगी की घटना के बाद बुधन कुम्हार का आठ सदस्यीय परिवार गहरे संकट में आ गया है। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन यही किराना दुकान थी, जिससे पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। साथ ही परिवार की एक बीमार भतीजी का इलाज भी इसी आमदनी से कराया जा रहा था। दुकान जल जाने के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

वहीं, पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि यह आग किसी की साजिश का परिणाम हो सकती है। उनका कहना है कि घटनास्थल पर पेट्रोल जैसी गंध महसूस हो रही थी, जिससे संदेह है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *