रांची: ग्रामीण विकास विभाग में हुए चर्चित टेंडर घोटाला मामले में बुधवार को अहम मोड़ आया। इस मामले के आरोपी रिटायर्ड इंजीनियर इन चीफ राजीव लोचन और रिटायर्ड एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अनिल कुमार ने रांची की PMLA विशेष अदालत में सरेंडर कर दिया।
अदालत ने सुनवाई के बाद दोनों को राहत देते हुए सशर्त जमानत दे दी। कोर्ट ने एक-एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत मंजूर की है, साथ ही पासपोर्ट जमा करने और बिना अनुमति देश से बाहर नहीं जाने की शर्त भी लगाई है।
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस मामले में लगातार अपनी कार्रवाई तेज कर रहा है। हाल ही में ED ने प्रमोद कुमार सहित 14 अन्य आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। अदालत ने इस पर संज्ञान लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ समन जारी कर दिया है।
मामले की जांच अभी जारी है और आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासों की संभावना जताई जा रही है।