Bokaro: बोकारो एयरपोर्ट से सटे दुंडीबाग बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। अब जिन जगहों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा कब्जा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी।
यह निर्णय बोकारो परिसदन सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में एयरपोर्ट से जुड़े विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) प्रबंधन को निर्देश दिया कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए परिसर में 15 दिनों के भीतर स्लैब लगाकर बाउंड्री निर्माण कार्य पूरा किया जाए। इसके साथ ही वहां “ट्रेसपासर्स विल बी प्रोसिक्यूटेड” के बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि दोबारा अतिक्रमण की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके।
दुंडीबाग बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस पिकेट स्थापित करने की दिशा में भी कार्रवाई करने पर चर्चा हुई। वहीं, बीएसएल को दुंडीबाग बाजार और आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। एसडीओ चास प्रांजल ढांडा को चिन्हित स्थलों की अद्यतन सूची बीएसएल प्रबंधन को उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी चर्चा हुई। खरीदी गई हाई इंटेंसिटी फ्लैश लाइट/ऑब्स्ट्रक्शन लाइट को सतनपुर पहाड़ पर एक सप्ताह के भीतर लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही एयरपोर्ट परिसर में बची झाड़ियों और पेड़ों की जल्द छंटाई कराने को भी कहा गया।
इसके अलावा बोकारो एयरपोर्ट के संचालन को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) और बीएसएल के बीच एमओयू के नवीकरण तथा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से ‘कंसेंट टू ऑपरेट’ के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में एयरपोर्ट सुरक्षा के लिए बॉम्ब थ्रेट कंटीजेंसी प्लान, बीसीएएस सिक्योरिटी क्लियरेंस, सिक्योरिटी वेटिंग, डॉग स्क्वाड यूनिट की व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों के पालन पर भी जोर दिया गया। साथ ही डीजीसीए लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया, दो एसीएफटी वाहनों की तैनाती और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, डीएफओ नीतीश कुमार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ प्रांजल ढांडा, सिविल सर्जन डॉ. ए.बी. प्रसाद सहित एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और बीएसएल के अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एयरपोर्ट से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।