Ranchi: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही ईंधन संकट की अफवाहों ने भारत में लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इन अफवाहों के कारण कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई और लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए।
हालांकि सरकार और देश की प्रमुख तेल कंपनियों ने इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताया है। Indian Oil Corporation ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य तरीके से चल रही है। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
इसी तरह Hindustan Petroleum Corporation Limited और Bharat Petroleum Corporation Limited ने भी स्पष्ट किया है कि भारत में ईंधन की सप्लाई में किसी तरह की कोई कमी नहीं है। कंपनियों के अनुसार कुछ इलाकों में फैल रही कमी की खबरें भ्रामक हैं और पूरे देश में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है।
दरअसल, ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव की आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से भविष्य में आपूर्ति प्रभावित होने की अटकलों ने लोगों में घबराहट पैदा कर दी, जिससे कई जगह पेट्रोल पंपों पर भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
तेल कंपनियों ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है, क्योंकि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है।