नई दिल्ली: फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा अब आधिकारिक तौर पर पति-पत्नी बन गए हैं। दोनों ने पारंपरिक तेलुगू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की पहली रस्में पूरी कीं। इसके बाद रश्मिका के परिवार की परंपरा के मुताबिक कोडवा रीति से विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।
विवाह समारोह की शुरुआत 24 फरवरी से हुई, जिसमें पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ कुछ अलग अंदाज भी देखने को मिला। हल्दी और मेहंदी जैसी रस्मों के अलावा फ्रेंडली क्रिकेट मैच और पूल वॉलीबॉल जैसे गेम्स ने शादी को और खास बना दिया। कपल ने हल्दी सेरेमनी की झलक साझा की है, हालांकि शादी की आधिकारिक तस्वीरों का फैंस को अभी इंतजार है। संभावना है कि कोडवा वेडिंग के बाद तस्वीरें साझा की जाएंगी।
कोडवा वेडिंग क्यों है खास?
कर्नाटक के कोडगु (कूर्ग) क्षेत्र के कोडवा समुदाय की शादियां अपनी अनोखी परंपराओं के लिए जानी जाती हैं। यहां विवाह को ‘मंगला’ कहा जाता है। इस परंपरा में ब्राह्मण पंडित या पवित्र अग्नि की अनिवार्यता नहीं होती। परिवार के बुजुर्ग ही सभी रस्में निभाते हैं।
दूल्हा-दुल्हन पूर्वजों को स्मरण करते हुए देवी कावेरी से आशीर्वाद मांगते हैं। पवित्र दीपक के समक्ष सरल लेकिन भावनात्मक तरीके से विवाह संस्कार संपन्न होता है। कोडवा विवाह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि परिवार और परंपरा का उत्सव माना जाता है, जिसमें रिश्तों की गर्माहट साफ झलकती है।