Ranchi: रांची में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम एसएसपी राकेश रंजन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए, जिन्हें स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। एसएसपी ने इन मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि अभियुक्तों की समय पर अदालत में पेशी सुनिश्चित की जाए, ताकि ट्रायल की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
गवाहों की अनुपस्थिति को लंबित मामलों का मुख्य कारण बताते हुए एसएसपी ने सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन गवाहों के खिलाफ कोर्ट से सम्मन जारी हो चुका है, उनका शीघ्र तामिला कराया जाए। थाना प्रभारियों को व्यक्तिगत स्तर पर इसकी निगरानी करने और तय तिथि पर गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, गवाही से जुड़ी बाधाओं को दूर कर समय पर साक्ष्य दर्ज कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में तकनीकी समन्वय को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को समन्वय पोर्टल और I4C पोर्टल का प्रभावी उपयोग करने तथा साइबर अपराध से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा लंबित वारंट, कुर्की-जब्ती और इश्तेहार के निष्पादन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने इसमें तेजी लाने को कहा। खासकर डिस्ट्रेस वारंट के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।