Ramgarh: रामगढ़ के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर परिसर में श्रद्धालु के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने त्वरित कदम उठाते हुए चार पुलिसकर्मियों—श्याम लाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव और जॉनसन सुरीन—को निलंबित कर दिया है। वहीं, पूरे मामले की जांच के लिए एसपी स्वयं रजरप्पा मंदिर परिसर पहुंचे।
निकास द्वार पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, यह घटना रजरप्पा मंदिर के निकास द्वार की है। मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए एक श्रद्धालु ने निकास द्वार से अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुरक्षाकर्मियों ने आपा खो दिया और श्रद्धालु के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे और लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए। जांच रिपोर्ट के आधार पर चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags:
#RamgarhNews #RajrappaTemple #JharkhandNews #PoliceAction #ViralVideo #BreakingNews