बोकारो: धनबाद में लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय गैंगस्टर प्रिंस खान अब बोकारो जिले में भी अपना दबदबा बनाने की कोशिश कर रहा है। विदेश में बैठकर अपने गिरोह के जरिए रंगदारी और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाला प्रिंस खान अब बोकारो के एक कारोबारी को धमकी देकर चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, बोकारो के बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र में बीएमडब्ल्यू कंपनी से जुड़े काम करने वाले व्यवसायी सुरेश सिंह को गैंगस्टर की ओर से धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि फोन के जरिए उनसे रंगदारी की मांग की गई और मांग पूरी नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
धमकी में यह भी कहा गया कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो कारोबारी के कार्यस्थल पर बम से हमला कराया जा सकता है। इस घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।