बुंडू (रांची): बुंडू अनुमंडल क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की कार्रवाई में बाइक चोर गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उनके पास से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें और एक ट्रैक्टर बरामद किया गया है। गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है।
इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ताऊ मैदान में चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के आधार पर टीम गठित कर इलाके में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर राकेश अहीर, जीतलाल महली और भूपेश महतो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ, जिसके बाद अलग-अलग स्थानों से 9 बाइक और एक ट्रैक्टर बरामद किया गया।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार हुआ है।