Hazaribagh: झारखंड के हजारीबाग जिले के कुख्यात डकैत भोला महतो उर्फ जगदीश महतो को झारखंड हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। करीब चार साल से जेल में बंद आरोपी को अदालत ने जमानत प्रदान कर दी है।
बताया जाता है कि वह 5 अप्रैल 2021 से न्यायिक हिरासत में था। उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट के न्यायाधीश आनंदा सेन की अदालत ने उसे राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली। अदालत के इस आदेश के बाद अब उसकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।
लंबा रहा आपराधिक इतिहास
भोला महतो के खिलाफ हजारीबाग और आसपास के कई थाना क्षेत्रों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। टाटीझरिया, दारू, इचाक, बरही, पदमा, विष्णुगढ़, गिद्दौर और मनिका थानों में उसके खिलाफ लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहला मामला वर्ष 2014 में टाटीझरिया थाना में दर्ज हुआ था। इसके बाद वह लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा।
पुलिस अभिलेख बताते हैं कि उसके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या काफी अधिक है, जो उसके लंबे समय से चल रहे आपराधिक नेटवर्क को दर्शाती है।
फिलहाल अदालत से जमानत मिलने के बाद उसकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।