रांची: झारखंड में बढ़ती गर्मी को देखते हुए पुलिसकर्मियों की वर्दी के नियमों में बदलाव किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में नया आदेश जारी किया है, जिसके अनुसार राज्य के सभी पुलिस पदाधिकारी और जवान 9 मार्च से ग्रीष्मकालीन वर्दी में नजर आएंगे।
जारी निर्देश के मुताबिक अब पुलिसकर्मी फुल आस्तीन की जगह आस्तीन मोड़कर यानी हाफ स्लीव्स के साथ वर्दी पहनेंगे। इसके साथ ही टोपी लगाना भी अनिवार्य होगा। यह नया ड्रेस कोड 9 मार्च से लागू होगा और 15 नवंबर तक प्रभावी रहेगा।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह नियम फील्ड ड्यूटी में तैनात जवानों से लेकर कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों तक सभी पर लागू होगा। सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा।
बताया गया कि इससे पहले नवंबर 2025 में ठंड के मौसम को देखते हुए शीतकालीन वर्दी पहनने का निर्देश जारी किया गया था। अब मौसम में बदलाव और गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए डीजीपी की स्वीकृति के बाद ग्रीष्मकालीन वर्दी लागू करने का निर्णय लिया गया है।