रांची: झारखंड सरकार ने मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना में अहम संशोधन करते हुए इसका दायरा बढ़ा दिया है। अब केवल झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की छात्राओं तक सीमित रहने के बजाय राज्य के अन्य उच्च तकनीकी संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति का लाभ पाने के लिए छात्रा का झारखंड का स्थानीय निवासी होना जरूरी होगा। हालांकि यदि किसी छात्रा ने 10वीं या 12वीं की पढ़ाई राज्य के बाहर से की है, तब भी उसे इस योजना का लाभ मिल सकेगा।
ड्राइविंग इंस्टीट्यूट के लिए 22 करोड़ से अधिक की मंजूरी
कैबिनेट बैठक में झारखंड इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग की स्थापना के लिए 22 करोड़ 3 लाख 31 हजार रुपये की स्वीकृति भी दी गई है। इस परियोजना में केंद्र सरकार 17 करोड़ रुपये का अनुदान देगी, जबकि टाटा मोटर्स की ओर से 1 करोड़ 82 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए पूर्वी सिंहभूम जिले के मनपीठी में 11.88 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है।
रांची में बनेगा 588 बेड का छात्रावास
अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के लिए रांची वीमेंस कॉलेज के साइंस ब्लॉक में प्रस्तावित 588 बेड का छात्रावास अब मोरहाबादी स्थित आदिवासी कल्याण कॉम्प्लेक्स के पास बनाया जाएगा।
इसके अलावा सीटी एमआईएस परियोजना के लिए टाटा कंसल्टेंसी को एक साल का अवधि विस्तार देने को भी मंजूरी मिली है। वहीं एनसीसी कैडेटों को प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाला नाश्ता भत्ता 10 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया गया है।