रांची: झारखंड प्रशासनिक सेवा (जेएएस) के 17 अधिकारियों के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। वर्ष 2024 की रिक्तियों के विरुद्ध इन अधिकारियों को आईएएस में प्रोन्नति का अवसर मिलेगा।
इस संबंध में यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन ने 16 फरवरी को शाम 4:30 बजे नई दिल्ली में चयन समिति की बैठक बुलाई है। बैठक में झारखंड के मुख्य सचिव, कार्मिक सचिव, राजस्व परिषद के सदस्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में राज्य सरकार द्वारा भेजे गए नामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों का साक्षात्कार भी लिया जाएगा। केंद्र सरकार से रिक्तियों की स्वीकृति मिलने के बाद राज्य सरकार ने 1:3 के अनुपात में कुल 51 अधिकारियों के नाम आयोग को भेजे हैं। इनमें से 17 अधिकारियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
चयन प्रक्रिया में अधिकारियों के गोपनीय चरित्र विवरण (ACR/APAR) और सेवा अभिलेखों का मूल्यांकन किया जाएगा। बैठक में सहमति बनने के बाद भारत सरकार के कार्मिक मंत्रालय द्वारा पदोन्नति की अधिसूचना जारी की जाएगी। यदि प्रक्रिया समय पर पूरी होती है, तो जल्द ही झारखंड को 17 नए आईएएस अधिकारी मिल जाएंगे।