Ranchi: रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में सोमवार रात लापरवाही का मामला सामने आया, जहां शाकाहारी ऑर्डर के बदले मांसाहारी डिश परोस दी गई। इस घटना के बाद नाराज परिवार ने रेस्टोरेंट प्रबंधन के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
बताया जा रहा है कि रामगढ़-हजारीबाग क्षेत्र के GST अधिकारी दीपक पांडेय अपने बेटे का जन्मदिन मनाने परिवार के साथ डिनर के लिए पहुंचे थे। परिवार ने वेज मिक्स चाऊमीन सहित अन्य शाकाहारी व्यंजन ऑर्डर किए थे, लेकिन गलती से उन्हें नॉनवेज चाऊमीन परोस दी गई।
जब परिवार के सदस्यों को खाने के दौरान इस बात का एहसास हुआ, तो उन्होंने कड़ा विरोध जताया। शुद्ध शाकाहारी होने के कारण उन्होंने इसे अपनी भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया।
मामला बढ़ने पर रेस्टोरेंट परिसर में हंगामा हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। घटना की सूचना मिलने पर मामला ओरमांझी थाना पहुंचा, जहां लिखित शिकायत दी गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।