Ranchi: राजधानी रांची में रश्मि कंसंट्रेशन कंपनी के सुपरवाइजर विजय दास की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। ग्रामीण एसपी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस हत्याकांड में मृतक की प्रेमिका रोशनी देवी, उसकी बहन सीमा देवी और भाई भूपेश बैठा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार विजय दास और रोशनी देवी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। जब विजय ने शादी करने से इनकार कर दिया तो रोशनी देवी ने अपनी बहन और भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली। इसके बाद तीनों ने मिलकर विजय दास की गला रेतकर हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को बाइक में बांधकर बेड़ो थाना क्षेत्र के एक कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुएं से शव बरामद कर लिया है। साथ ही आरोपियों के घर से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया गया है। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में सरायकेला निवासी अजय कुमार दास ने 3 मार्च को डाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।