एक दिन में तीन जगह बम की धमकी, XLRI और दो सिविल कोर्ट को उड़ाने की चेतावनी

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड में मंगलवार को एक के बाद एक तीन महत्वपूर्ण जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। जमशेदपुर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI, रांची सिविल कोर्ट और जामताड़ा सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और सभी स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

जमशेदपुर में XLRI कैंपस की हुई सघन जांच

जमशेदपुर स्थित XLRI को भेजे गए ईमेल में कैंपस को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड की टीम पहुंची और पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली। सुरक्षा कारणों से कैंपस में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी रहा, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन बम से हमले की धमकी

इधर जामताड़ा सिविल कोर्ट को भी ईमेल के माध्यम से ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी दी गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ईमेल कथित तौर पर तमिलनाडु के किसी संगठन के नाम से भेजा गया है। सूचना के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन जांच अभियान चलाया। डीएसपी संजय कुमार सिंह और थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस बल ने पूरे परिसर की तलाशी ली, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

रांची सिविल कोर्ट में भी बढ़ाई गई सुरक्षा

राजधानी रांची के सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिलने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। सुरक्षा बलों ने कोर्ट परिसर को घेरकर जांच शुरू की और हर कोने की तलाशी ली। हालांकि अब तक की जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और तकनीकी टीम उन ईमेल आईडी की जांच कर रही है, जिनसे धमकी भेजी गई है। फिलहाल तीनों जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *