रांची: बोकारो की 18 वर्षीय युवती के सात महीने से लापता रहने के मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। रेखा देवी की ओर से दाखिल हेबियस कॉर्पस याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने जांच की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
सुनवाई के दौरान डीजीपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए और बताया कि पिंडराजोड़ा थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही मामले की जांच अब किसी अन्य सक्षम अधिकारी को सौंप दी गई है।
कोर्ट ने पीड़िता के रिश्तेदार संपत महतो के साथ हुई मारपीट की घटना को गंभीरता से लेते हुए उनके समुचित इलाज का निर्देश दिया। अदालत ने केंद्र सरकार के वकील को निर्देशित किया कि उनका इलाज नामकुम स्थित मिलिट्री अस्पताल में कराया जाए।
मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए हाई कोर्ट ने एक वन मैन कमेटी का गठन भी किया है। इस कमेटी की अगुवाई डीआईजी स्तर के अधिकारी करेंगे, जो जांच पूरी कर अपनी सीलबंद रिपोर्ट अदालत में पेश करेंगे।