बोकारो: गोमिया क्षेत्र में बीती रात एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने दो अलग-अलग जगहों पर कहर बरपाते हुए तीन लोगों की जान ले ली। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों हादसे एक ही ट्रैक्टर से हुए, जो अवैध बालू ढुलाई के चलते तेज गति से दौड़ रहा था।
पहला हादसा गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल-खिजुरिया टांड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर बालू लादकर तेजी से ललपनिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार चंद्र किशोर प्रसाद ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
इसके कुछ समय बाद वही ट्रैक्टर ललपनिया थाना क्षेत्र में अचानक खराब होकर सड़क पर रुक गया। पीछे से आ रही एक पल्सर बाइक ट्रॉली से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक—कृष्ण मुर्मू और उमेश किस्कू—की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रॉली छोड़कर ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला।
पहले हादसे में मृतक का शव गोमिया पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दूसरी घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस कारण ललपनिया-गोमिया मार्ग पूरी तरह ठप हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अवैध बालू का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे ट्रैक्टर चालक बेखौफ होकर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं। लोगों ने प्रशासन से इस अवैध धंधे पर रोक लगाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।