झारखंड में खूनी होली: अलग-अलग जिलों में हत्या, हादसे और आत्महत्या से 11 से अधिक लोगों की मौत

Mahak Kumari
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi: झारखंड में इस बार होली का त्योहार कई परिवारों के लिए खुशियों की बजाय दर्द और मातम लेकर आया। राज्य के अलग-अलग जिलों से हत्या, फायरिंग, सड़क हादसे और आत्महत्या की घटनाएं सामने आईं, जिनमें 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई। पाकुड़, जमशेदपुर, पलामू, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां, गुमला और धनबाद में हुई इन घटनाओं ने त्योहार की खुशियों को गम में बदल दिया।

पाकुड़ में बेटे को बचाने के दौरान पिता की हत्या

पाकुड़ के नगर थाना क्षेत्र स्थित तलवाडांगा गांव में 40 वर्षीय देवराज सरकार की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान देवराज अपने बेटे को बचाने की कोशिश कर रहे थे और हमलावरों से रहम की गुहार भी लगाई, लेकिन अपराधियों ने उनकी एक नहीं सुनी और उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

जमशेदपुर में दो महिलाओं की हत्या से सनसनी

जमशेदपुर के पोटका क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। कोवाली थाना क्षेत्र के जंगल में करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ। पहचान छिपाने के लिए अपराधियों ने शव को बुरी तरह जला दिया था। वहीं कलिकापुर गांव में दातून बेचकर गुजर-बसर करने वाली 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।

पलामू में वृद्ध की हत्या, नदी किनारे युवती का शव मिला

पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के छपरदाग गांव में खेत में काम कर रहे वृद्ध विश्वनाथ राजवार की गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। वहीं देवरी ओपी क्षेत्र में सोन नदी के किनारे 26 वर्षीय अज्ञात युवती का शव बालू से ढका हुआ मिला। पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव फूल गया था, जिससे पहचान नहीं हो सकी।

धनबाद में होली के जश्न के दौरान फायरिंग

धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र स्थित बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के जश्न के दौरान डीजे और पैसे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग में विष्णु कुमार और पुष्पक नामक दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरिडीह में नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत

गिरिडीह जिले में होली खेलने के बाद नहाने गए दो किशोर गोदावरी त्रिवेणी संगम में डूब गए। गहरे पानी का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

सरायकेला-खरसावां में हादसे और आत्महत्या

सरायकेला-खरसावां जिले में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। एनएच-33 पर शहरबेड़ा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से लोसो मुर्मू नामक युवक की मौत हो गई। वहीं कपाली क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर पलटने से चालक के दबकर मरने की आशंका है। इसके अलावा गम्हरिया थाना क्षेत्र के निर्मल पथ में शिवानी गोराई नामक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

गुमला में किशोर ने लगाई फांसी

गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र के गढ़टोली गांव में 16 वर्षीय आशीष उरांव ने घर के अंदर साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के लोग घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

इन सभी घटनाओं के बाद होली के दिन राज्य के कई परिवारों में खुशियों की जगह मातम का माहौल देखने को मिला। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *