बोकारो: बोकारो–रामगढ़ राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बारी कोऑपरेटिव कॉलोनी के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला रोज की तरह सुबह सेहत के प्रति जागरूकता के चलते टहलने निकली थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों की मांग है कि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही इस सड़क मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस व्यवस्था करने की भी मांग उठाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बोकारो–रामगढ़ राष्ट्रीय उच्च मार्ग का यह हिस्सा लंबे समय से दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात बनता जा रहा है। यहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। हादसे के बाद हर बार सड़क जाम, हंगामा और मुआवजे की मांग की स्थिति बनती है, जिससे आम जनजीवन भी प्रभावित होता है।
लोगों का आरोप है कि इस व्यस्त सड़क मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए न तो पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और न ही कोई प्रभावी उपाय किए गए हैं। ऐसे में लगातार लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हलचल होती है, प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाते हैं, लेकिन इसके बाद समस्या को दूर करने के लिए कोई स्थायी कदम नहीं उठाया जाता। नतीजा यह है कि एक हादसे की चर्चा खत्म भी नहीं होती कि उसी स्थान पर फिर कोई नया हादसा हो जाता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस उपाय किए जाएं, ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती हो और सुरक्षा के ऐसे इंतजाम किए जाएं जिससे भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।