Giridih: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के तुलाडीह गांव में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते सात घर जलकर पूरी तरह राख हो गए।
इस दर्दनाक हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर समेत जरूरी दस्तावेज तक आग की चपेट में आ गए। स्थिति इतनी भयावह है कि कई परिवारों के पास अब पहनने तक के कपड़े नहीं बचे हैं और वे पूरी तरह असहाय हो गए हैं।
आग लगने के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरपूर कोशिश की। बाल्टी, मोटर और पाइप के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इस दौरान कई लोगों ने जान जोखिम में डालकर गैस सिलेंडर बाहर निकाले, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया। हालांकि, आग की भयावहता के सामने ये प्रयास नाकाफी साबित हुए।
दमकल की गाड़ी देर से पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
इस घटना में सात परिवार पूरी तरह बेघर हो गए हैं और अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। खासकर महिलाओं और बच्चों की हालत बेहद दयनीय है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
फिलहाल प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, अस्थायी आवास और उचित मुआवजे की मांग की है। गांव में शोक और चिंता का माहौल है, और सभी की नजरें अब प्रशासनिक सहायता पर टिकी हुई हैं।