रांची: रामनवमी के पर्व को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। शुक्रवार को मनाए जाने वाले इस त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं और पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
रामनवमी जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए करीब 1500 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है। खासतौर पर संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों और जुलूस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे कंट्रोल रूम के माध्यम से नजर रखी जाएगी। हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि रामनवमी को लेकर सभी सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कुछ पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी में बाहर जरूर हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।