बोकारो: बोकारो इस्पात संयंत्र में 24 मार्च 2026 को सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अधिशासी निदेशक (संकार्य) श्री अनुप कुमार दत्त के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्लांट प्लाजा रोड पर सीआरएम–III विभाग से शुरू होकर प्लांट प्लाजा गोलचक्कर तक बनी इस मानव श्रृंखला में संयंत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने मिलकर सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और एकजुटता का परिचय दिया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना और ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य को हासिल करना था। इसमें उत्पादन, सेवा, प्रोजेक्ट्स समेत कई विभागों के कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, विभागीय सुरक्षा अधिकारी (डीएसओ) और सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने सड़क सुरक्षा और कार्यस्थल पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की शपथ ली।
प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से यह संदेश दिया कि सुरक्षा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हर कर्मचारी की जिम्मेदारी है, जिसे रोजमर्रा के कार्यों में अपनाना जरूरी है।
यह पहल संयंत्र में सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत करने के साथ-साथ दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में अहम साबित होगी। साथ ही, यह सुरक्षित उत्पादन और बेहतर परिचालन के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।