रांची/धनबाद: रांची और धनबाद पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में घायल हुआ अपराधी कुबेर कुख्यात प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह के बीच की अहम कड़ी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों गिरोह मिलकर आपराधिक नेटवर्क चला रहे थे और इनके बीच संपर्क का काम कुबेर ही संभालता था।
पुलिस का कहना है कि कुबेर के जरिए “केएसएस” नाम का एक संगठन बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से कारोबारियों को धमकी दी जाती थी और उनसे रंगदारी मांगी जाती थी।
सोमवार सुबह धनबाद के केंदुआडीह बस्ती के पास भागाबांध ओपी क्षेत्र में पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुबेर और विक्की डोम को गोली लगी, जबकि अमन अफजल भागने के दौरान घायल हो गया। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, प्रिंस खान का मुद्दा झारखंड विधानसभा में भी गूंज चुका है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि प्रिंस खान दुबई से अपने गिरोह को ऑपरेट कर रंगदारी का नेटवर्क चला रहा है। इस पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि उसके प्रत्यर्पण के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है और उसके गुर्गों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है।