हजारीबाग: जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर स्टोन लोड एक हाईवा को रोककर उसमें आग लगा दी, जिससे वाहन का इंजन और चेसिस पूरी तरह जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना होरम–हरली मार्ग स्थित मुड़कट्टी चौराहे के पास रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई। बताया जाता है कि हाईवा इचाक से पत्थर लोड कर हरली गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने वाहन को रोक लिया और चालक को जबरन नीचे उतार दिया। इसके बाद अपराधियों ने हाईवा के इंजन और चेसिस में आग लगा दी।
आग लगते ही वाहन धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही देर में इंजन तथा चेसिस पूरी तरह राख हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बड़कागांव थाना के एसआई राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं अग्निशमन दल को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे हाईवा का डाला जलने से बच गया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर तत्कालीन थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता को लाइन हाजिर किया गया था और दीपक कुमार सिंह को नया थाना प्रभारी बनाया गया था। हालांकि प्रभार संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर इस तरह की घटना सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।